जसपुर। ट्रक ने धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पलट गई और इसमें सवार दो सगे भाई घायल हो गए। एक भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल दूसरे भाई को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ग्राम धर्मपुर बहेड़ी निवासी दो भाई पवजीत सिंह (57) और मंजीत सिंह (60) का किशनपुर गांव में खेत है। रविवार की रात दोनों भाई ट्रैक्टर-ट्रॉली में खेत से धान लादकर घर लौट रहे थे। धर्मपुर हाईवे स्थित फीका नदी पुल पर ट्रक ने ओवरटेक करते समय ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
धर्मपुर चौकी इंचार्ज केसी आर्य ने बताया कि पवजीत सिंह ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गया जबकि उसका भाई मंजीत सिंह छिटक कर ट्रैक्टर से दूर जाकर गिर गया। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। ईएमओ ने पवजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया और मंजीत सिंह का पैर फ्रैक्चर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाल राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है जबकि चालक भाग गया था। घटना में किसी ने तहरीर नहीं दी है।