रुद्रपुर/पंतनगर। शराब तस्करी में जब्त ट्रैक्टर को जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में बदलने के आरोप में पुलिस ने पूर्व पीआरडी जवान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से ट्रैक्टर पर लगे दो स्पीकर बरामद हुए हैं। इस मामले में सहायक आबकारी आयुक्त सहित आठ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि एक आरोपी और वांछित है।
आबकारी विभाग ने गदरपुर में नये ट्रैक्टर को 29 अगस्त को जब्त किया था। इसे जिला आबकारी कार्यालय से चार सितंबर की रात चुरा कर वहां पुराना ट्रैक्टर खड़ा कर दिया गया था। केस दर्ज होने पर पुलिस ने सात सितंबर को सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन पन्नालाल शर्मा और बाजपुर निवासी हरपेज सिंह को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद किया था।
इसी मामले में 11 सितंबर को पुलिस ने हरि सिंह, मोबिन, बलजिंदर उर्फ पिंटू और पीआरडी जवान अवधेश को गिरफ्तार कर चोरी में प्रयुक्त कार भी बरामद की थी। इस मामले में बन्नाखेड़ा निवासी पूर्व पीआरडी जवान धर्मवीर और इंद्रजीत सिंह भी वांछित थे। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वांछित धर्मवीर को रविवार को बरहैनी रोड बाजपुर से गिरफ्तार किया गया है। अब अंतिम आरोपी इंद्रजीत की तलाश की जा रही है।
कबाड़ी से 1.30 लाख में खरीदा था ट्रैक्टर
रुद्रपुर। जिला आबकारी विभाग में खड़े नए ट्रैक्टर को चोरी कर उसकी जगह हूबहू खड़ा करने के लिए दूसरा ट्रैक्टर बाजपुर के कबाड़ी से खरीदा गया था। इस मामले में जेल गया हरपेज केलाखेड़ा निवासी एक व्यक्ति से ट्रैक्टर मांगकर लाया था। यह ट्रैक्टर अंग्रेजी शराब की तस्करी में पकड़ा गया था। इसलिए ट्रैक्टर स्वामी ने हरपेज पर ट्रैक्टर वापस करने के लिए दबाव बनाया था।
पुलिस के अनुसार हरपेज ने इंद्रजीत के साथ मिलकर जब्त ट्रैक्टर जैसा ही दूसरा ट्रैक्टर बाजपुर के कबाड़ी से 1.30 लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद दोनों ने धर्मवीर और पन्नालाल के साथ मिलकर ट्रैक्टर बदलने की साजिश रची थी। बाजपुर से पुराने ट्रैक्टर को लाकर नए ट्रैक्टर की जगह खड़ा कर दिया गया। हालांकि जिस पीआरडी जवान ने आबकारी विभाग को ट्रैक्टर बदलने की सूचना दी थी, उसे भी मामले में जेल भेजा गया है। यह पीआरडी जवान अवैतनिक रूप से कार्यालय में रात्रि चौकीदारी करता था। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।