बाजपुर के गांव मरियमपुर नंबर 3 में बारिश के दौरान भरभरा कर गिरी छत का मलवा
रुद्रपुर। शहर में मौसम का मिजाज पल-पल बदलता रहा। कहीं तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ाई तो कुछ जगहों पर लोगों ने रिमझिम फुहारों के बीच टहलकर गर्मी से निजात पाई। हालांकि शहर के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण लोगों को जलभराव की परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर बारिश हो रही थी। इससे लोगों को जरूरी काम निपटाने में परेशानी उठानी पड़ी। शाम के समय शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर की बारिश से सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। तेज बारिश से बचने के लिए राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को दुकानों की टिनशेड और अन्य सुरक्षित स्थानों के नीचे रुकना पड़ा।
रिमझिम बारिश से प्रभावित हुआ जनजीवन
काशीपुर। रिमझिम हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। रविवार की सुबह से शुरू हुई रिमझिम बारिश पूरे दिन होती रही। बाजारों में रौनक कम रही। हालांकि बीते दिनों हो रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश से कई स्थानों पर सड़कों पर कीचड़ फैलने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे लगने वाले फड़ कारोबारी और संडे बाजार में बारिश के कारण दुकानदार और ग्राहक परेशान रहे। संवाद
मकान की छत गिरी, हादसा टला
बाजपुर। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के दौरान गांव मरियमपुर नंबर तीन निवासी विशाल के मकान की छत अचानक ढह गई। संयोग से मकान के भीतर किसी के नहीं होने से हादसा बच गया। हालांकि घर के भीतर रखी खाद्य सामग्री समेत अन्य सामान दबकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना बीडीओ और क्षेत्रीय पटवारी को देकर पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की है। विशाल मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजर बसर करता है। मकान की छत गिरने से परिवार बेघर हो गया है। संवाद