यूपी के बरेली जिले में लूटपाट करने वाले आरोपी से लूट के माल की रिकवरी के लिए उसकी संपत्ति जब्त की जाएगी। इसके लिए देवरनिया (उत्तर प्रदेश) के एसओ ने तहसील आकर आरोपी की संपत्ति की जानकारी मांगी। उन्होंने बताया कि आरोपी पर गैंगस्टर भी लगी हुई है।
बृहस्पतिवार को बरेली जिले के देवरनिया थाने के एसओ अमर सिंह तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो हेमराज सिंह चौहान से मुलाकात की। साथ ही तहसीलदार आरसी गौतम को संबोधित पत्र दिया। जिसमें एसओ ने बताया कि तिलियापुर शक्तिफार्म का रहने वाले प्रेमचंद्र पर गैंगस्टर व लूटपाट का मुकदमा दर्ज है।
युवक ने 2015 में बरेली जिले में लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने लूटपाट कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रखा है। लूटे गए माल की रिकवरी की जानी है। उन्होंने तहसीलदार से आरोपी की संपत्ति का ब्योरा मांगा।
कहा कि आरोपी की संपत्ति का ब्योरा मिलने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए संपत्ति जब्त की जाएगी। इस पर आरके चौहान ने एसओ को तिलियापुर शक्तिफार्म के हल्का पटवारी से जानकारी लेने की बात कही। जिसके बाद वह पटवारी से मिलने के लिए उनके कार्यालय गए। खबर लिखे जाने तक एसओ संपत्ति का ब्योरा जुटाने में लगे थे।