साइबर क्राइम की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। नगर के एक टायर व्यवसायी के मोबाइल पर कॉल कर ठग ने खुद को एक्सिस बैंक का मैनेजर बताते हुए 16 अंकों का एटीएम कार्ड नंबर पूछ लिया। उसने व्यवसायी के खाते से 22 हजार रुपए की नगदी उड़ा ली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड संख्या एक निवासी टायर व्यवसायी शरीफ अहमद पुत्र कबीर अहमद ने शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नौ दिसंबर को उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। जिस पर कॉलर ने खुद को एक्सिस बैंक का मैनेजर बताया और एटीएम कार्ड के यूज करने के बारे में पूछने लगा। उसने जब एटीएम के काफी समय से यूज न होने की बात कही तो कॉलर ने एटीएम के ब्लॉक होने की जानकारी देते हुए एटीएम नंबर पूंछा। उसने एटीएम के 16 डिजिट का नंबर बता दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद ठग ने उसके खाते 22 हजार रुपए की खरीददारी कर ली। मोबाइल पर 22 हजार खाते से कटने का मैसेज मिला। उसने तत्काल बैंक जाकर एटीएम कार्ड व खाता ब्लाक करा दिया। शरीफ ने पुलिस से ठग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाल बीएस भाकुनी ने खातेदार शरीफ को किसी भी कॉल पर अपने बैंक खाते या फिर निजी खाते के संबंध में कोई जानकारी न देने की सलाह दी। कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई भी की जाएगी।