बाजपुर। लकड़ी तस्करी की सूचना पर पहुंची जंगलात टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। तस्करों ने वनकर्मियों की निजी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। वन रक्षक की बंदूक छीनकर कुछ दूरी पर फेंक कर तस्कर धमकी देकर भाग गए। वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा ने बेरिया दौलत पुलिस चौकी में तहरीर दी है।
शनिवार देर रात दस बजे मुखबिर की सूचना पर बरहैनी रेंजर कृष्ण सिंह मेहरा, वन दरोगा पूरन चंद जोशी, वन रक्षक विवेक गोस्वामी एक सरकारी और एक निजी वाहन से जंगलात टीम के साथ केलाखेड़ा क्षेत्र में पहुंचे। इसी समय केलाखेड़ा थाना अंतर्गत गांव मडैया हट्टू स्थित गुरुद्वारा साहिब से कुछ दूरी पर वन विभाग की गाड़ियों के आगे तस्करों ने अपनी कार खड़ी कर दी। बताया कि कार सवार तस्करों ने गालीगलौज शुरू कर दी। एक तस्कर ने वनकर्मियों पर तमंचा तान दिया।
आरोपियों ने लाठियों से जंगलात टीम हमला कर पथराव कर दिया। तस्करों के हमले में रेंजर की निजी कार क्षतिग्रस्त हो गई। पीछा करने पर तस्करों ने वन रक्षक विवेक गोस्वामी की बंदूक छीन ली। तस्कर कुछ दूरी पर बंदूक को फेंक कर धमकी देकर भाग गए। इसके बाद जंगलात टीम ने खोजबीन कर एक खेत से शीशम के तीन गिल्टे, एक बाइक बरामद की। चोटिल वन रक्षक विवेक गोस्वामी का कालाढूंगी सीएचसी में इलाज कराया गया।
बरहैनी वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा ने पुलिस चौकी बेरिया दौलत में तहरीर देकर पांच तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ छिंदर, करन सिंह, प्रदीप उर्फ सोनू नटिया, स्वर्ण सिंह उर्फ सोनू, सर्वजीत सिंह उर्फ छब्बी निवासी ग्राम मडैया हट्टू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना एसआई नरेश सिंह को सौंपी है।