तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में वाहन की चपेट में आकर मारे गए बाघ के शावक की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को नष्ट कर दिया गया। मंगलवार शाम को रामपुर-हल्द्वानी रोड पार कर रहे बाघ के शावक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। शावक की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शावक के शव को कब्जे में ले लिया था। बुधवार को पशु चिकित्सक डाॅ. राहुल सती और डॉ. तरुण गर्ग ने बाघ के शावक का पोस्टमार्टम किया।
टॉडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम में बाघ के शावक की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से होने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शावक के शव को नियमानुसार जलाकर नष्ट कर दिया गया। रेंजर ने बताया कि शावक को टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है। अज्ञात वाहन के खिलाफ वन अपराध में केस दर्ज किया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हाईवे पर जंगली जानवर लगातार वाहनों की चपेट में आ रहे हैं। इसको देखते हुए टांडा रेंज में रात के समय हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगवाने के लिए प्रस्ताव प्रभागीय वनाधिकारी को भेजा जा रहा है। मामला जिला प्रशासन के सामने रखने की संस्तुति की जाएगी। रात के समय टांडा रेंज में बहुतायत में वन्यजीव सड़क पार करते हैं। वन्यजीवों के हताहत होने का खतरा बना रहता है।