काशीपुर। कोसी बंद होने के बावजूद कुंडेश्वरी के आरक्षित वन क्षेत्र में धड़ल्ले से खनन हो रहा है। बृहस्पतिवार को खनन सामग्री से लदी तीन ट्रैक्टर-ट्रालियां ग्रामीणों ने रोक ली।
इस दौरान ग्रामीणों की ट्रैक्टर चालकों के साथ हाथापाई भी हुई। ग्रामीणों ने सूचना पर पहुंची पुलिस को खनन लदे दो वाहन सौंप दिए, जबकि एक चालक ट्राली लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी की है। फिलहाल ग्रामीण पुलिस के आला अधिकारियों से मामले की शिकायत करने की बात कह रहे हैं।
कोसी नदी में घनमीटर पूरे होने पर खनन पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद गुलजारपुर के नागफनी जंगल, बंजारी गेट, गांधीनगर, जगतपुरपट्टी में वन विभाग के आरक्षित क्षेत्र से खनन सामग्री का परिवहन लगातार हो रहा है। खनन के लिए यहां जेसीबी तक का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि खनन कार्य में जेसीबी पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
एक ही दिन में खनन से लदे कई-कई वाहन आरक्षित वन क्षेत्र से निकाले जा रहे है। खनन को लेकर बाजपुर निवासी एक व्यक्ति की याचिका पर सुनवाई करते हुए नैनीताल हाईकोर्ट ने कोसी नदी में खनन की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन से रिपोर्ट भी तलब की है। ब्रह्मनगर निवासी सपा नेता गविंद्र सिंह गवि का कहना है कि खनन के संबंध में वह कई बार पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे चुके हैं लेकिन पुलिस की सह पर माफिया उल्टे उसी पर दबाव बना रहे हैं। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने जगतपुर पट्टी में खनन से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां रोक ली। जबकि एक ट्रैक्टर-ट्राली बाबा घाट पर रोकी गई। इस दौरान ग्रामीणों की खनन लादकर ला रहे लोगों के साथ झड़प भी हुई। सूचना पर कुंडेश्वरी चौकी के दो आरक्षी मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद गविंद्र, हरनाम सिंह, चरन सिंह व दलीप सिंह आदि ने दो ट्रालियां पुलिस की सुपुर्दगी में दे दी। जबकि एक व्यक्ति माल से लदी ट्राली लेकर फरार हो गया। इस दौरान उन्होंने खनन से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों और चालकों की वीडियोग्राफी भी की।
वीडियो वायरल होने के बाद भी चौकी प्रभारी करता रहा इनकार
काशीपुर। उपखनिज लदीं ट्रैक्टर-ट्रलियां पकड़े जाने का वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ऐसी किसी भी जानकारी से इनकार करती रही। ग्रामीणों का कहना था कि उनके द्वारा खनन लदे दो वाहन पुलिस चौकी से आए दो सिपाहियों के सुपुर्द किए गए हैं। पूछे जाने पर चौकी प्रभारी दीपक कौशिक ने खनन लदे वाहन सौंपे जाने की बात से साफ इनकार कर दिया। सीओ एपी कोंडे ने कहा कि वीडियो में दो वाहन लदे दिखाई दे रहे हैं। मामले की जांच कराकर खनन तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।