बाजपुर। चीनी मिल में गन्ना बीज खरीद और परिवहन के भुगतान में गड़बड़ी करने के आरोप में सीसीओ सहित तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। आरोप है कि चीनी मिल में वर्ष 2022/23 में कपूरथला से सीओपीबी 95 प्रजाति का गन्ना बीज मंगाना दर्शाया गया है। जांच करने पर पता चला गन्ना बीज पंजाब कृषि विवि से लाया ही नहीं गया था। जबकि गन्ना बीज किसी ओर स्थान से मंगाया गया था।
बाजपुर के गांव शिवपुरी निवासी बल्देव सिंह ने गन्ना बीज की कीमत में भारी अंतर होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर गन्ना आयुक्त स्तर से जांच कराई गई। जिसमें उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल्स संघ की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच कराई गई थी। जांच में खामियां पाई गई। मिल अधिकारियों की ओर से बिना ई निविदा प्रक्रिया के मात्र कोटेशन के आधार पर एक फर्म को भुगतान कर दिया गया। चीनी मिल महाप्रबंधक डॉ. अमृता शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट पर संघ के एमडी पीसी दुम्का की ओर से मुख्य गन्ना अधिकारी सीसीओ राजीव कुमार, प्रभारी मुख्य लेखाकार वीरसेन राठी और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक दीपिका को निलंबित कर दिया गया है। तीनों अधिकारियों को अन्य चीनी मिलों से संबद्ध किया गया है। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।