अब तक स्टेट काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग (एससीवीटी) का सर्टिफिकेट लेकर नौकरी की तलाश में जाने वाले जिले के आईटीआई के छात्रों को राज्य से बाहर नौकरी मिलना आसान नहीं था। लेकिन अब जसपुर, बाजपुर और दिनेशपुर के छात्रों को नेशनल काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग (एनसीवीटी) का सर्टिफिकेट मिलेगा। इससे यहां के छात्र देश में कहीं भी आसानी से नौकरी पा सकेंगे। इसी क्रम तीनों आईटीआई में 14 ट्रेडों को एनसीवीटी की मान्यता मिल चुकी है।
जिले में जसपुर, बाजपुर और दिनेशपुर आईटीआई में राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त एससीवीटी के कोर्स संचालित हो रहे थे। इससे एससीवीटी का कोर्स करने वाले छात्रों को राज्य से मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट मिलते थे। जिससे इस सर्टिफिकेट से छात्रों को राज्य में तो आसानी से नौकरी मिल जाती थी। लेकिन राज्य से बाहर नौकरी मिलने में छात्रों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
लेकिन इस बार इन आईटीआई में 14 ट्रेडों को एससीवीटी से एनसीवीटी की मान्यता मिल गई है। आईटीआई काशीपुर के प्रधानाचार्य एके त्रिपाठी ने बताया कि जसपुर, बाजपुर और दिनेशपुर आईटीआई में एससीवीटी के कोर्स को एनसीवीटी में परिवर्तित करने के लिए प्रस्ताव डीजीईटी को भेजा गया था। जहां से स्वीकृति के बाद 14 ट्रेडों को एनसीवीटी में मान्यता मिल चुकी है। इस साल से एनसीवीटी पाठ्यक्रम के लिए छात्रों का प्रवेश किया गया है।
इन ट्रेडों को मिली एनसीवीटी की मान्यता
जसपुर:-फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, कोपा, लेबोरेट्री असिस्टेंट
बाजपुर:-फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, फैशन टैक्नोलॉजी, ड्राफ्टस मैन मैकेनिक, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स, पेंटर जनरल
दिनेशपुर:-वेल्डर और पेंटर जनरल।