सप्ताह भर पहले हाइवे पर बाइक सवार युवक से हुई लूट सहित तीन वारदातों का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया है। पुलिस ने दो वारदातों में लूटी गई 12940 रुपये की नकदी, लूट में प्रयुक्त की गई एक बाइक और एक तमंचा बरामद किया है। बरामद बाइक यूपी के दढ़ियाल रोड टांडा (रामपुर) से लूटी गई थी।
सोमवार को कोतवाली में एएसपी डॉ. जगदीश चंद ने बताया कि पांच जून को हाइवे स्थित लेवड़ा नदी पुल के समीप काशीपुर के गांव पैगा निवासी मकुलदीप पांडे से बाइक सवार दो बदमाशों ने 14470 रुपये की नकदी लूटी थी। सात जून को गुलरभोज रोड गदरपुर में अनिल कुमार से सात हजार रुपये की नकदी लूटी थी। 31 दिसंबर 2014 को यूपी के नवाबगंज बरेली निवासी रुप स्वरूप गंगवार से यूपी के टांडा रामपुर में बाइक लूटी थी।
एसएसपी डा. सदानंद दाते के निर्देश पर लूटकांड का खुलासा करने के लिए इंस्पेक्टर बीडी उनियाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गदरपुर और बाजपुर लूट की घटनाओं में लूटेरों ने पैशन प्रो बाइक को प्रयोग किया। जिसके आधार पर पुलिस टीम ने पुराने अपराधियों को चिन्हित किया। इसमें गांव धनसारा निवासी रजब अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने लूटपाट की घटना कबूल की। उसकी निशानदेही पर उसके साथी गांव धनसारा दिलशाद अली को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से प्रयुक्त बाइक बाजपुर लूट के 9240 रुपये की नकदी और गदरपुर लूट के 3700 रुपये बरामद हुए। दोनों के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। टीम में एसएसआई सुशील कुमार, एसआई टीसी जोशी, देवेंद्र राजपूत, गणेश पांडे, विजेंद्र नेगी, नरेंद्र यादव, संजीव चौधरी, अखिलेश तिवारी, सुरेंद्र नेगी आदि हैं।
शातिर बदमाश रजब पर लूट के सात केस
बाजपुर। लूटकांड में गिरफ्तार बाजपुर के गांव धनसारा निवासी रजब अली पर काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर यूपी के टांडा (रामपुर) थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा रामपुर के थाना स्वार में एक मुकदमा हत्या का दर्ज है। बाजपुर, काशीपुर में चोरी, फायरिंग के केस दर्ज हैं।
30 मई को रामपुर जेल से आया था रजब
बाजपुर। कोतवाल बीडी उनियाल ने बताया कि रजब अली यूपी के रामपुर जेल से 13 महीने बाद 30 मई 2017 को जमानत पर छुट कर आया था। उसने अपने के गांव निवासी दिलशाद को गैंग में शामिल कर हाइवे पर बाइक सवार को लूटा उसके बाद गदरपुर में लूटपाट की।