कुंडा थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिले अज्ञात युवक की पहचान सचिन निवासी प्रभु विहार काशीपुर के रुप में हुई। वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था और फिर उसकी लाश बरामद हुई।
साथियों पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन और मोहल्ले के लोगों ने कुंडा थाने में जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। पोस्टमार्टम में भी देरी होने पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई।
रविवार को प्रभु विहार निवासी सचिन कश्यप उर्फ छोटू (19) पुत्र राम स्वरूप अपने पड़ोसी और दोस्त पंकज, राजा, पियूष अवतार के साथ बाइक में घूमने तुमड़िया डैम गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को फिक्र सताने लगी। रात में ही कुंडा के भगवानपुर गांव के पास बड़ी नहर किनारे झाड़ियों मेें युवक का शव मिला था।
उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और सिर के पीछे गहरी चोटों के निशान थे। परिजनों ने शव की शिनाख्त सचिन के रुप में की। सोमवार की सुबह परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने कुंडा थाने में हंगामा कर धरना दिया। उन्होंने सचिन के साथ घूमने गए तीनों दोस्तों पर हत्या का आरोप मढ़ते हुए गिरफ्तारी की मांग की। एसओ के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
इधर पोस्टमार्टम हाउस में काफी देर तक शव का पोस्टमार्टम नहीं होने पर लोगों ने खूब हंगामा किया। पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर लोगों को ढांढस बंधाया। एसओ नासिर हुसैन ने बताया कि मृतक के बड़े भाई राहुल कश्यप की तहरीर पर तीनों दोस्तों पंकज, राजा, पियूष अवतार के खिलाफ धारा 302, 301 आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में उनके घरों में दबिशें दी जा रही हैं।