रुद्रपुर में चोरी हुई अंग्रेजी शराब की पेटियों के साथ आरोपी।
- फोटो : AMAR UJALA
कोतवाली क्षेत्र के बगवाड़ा स्थित शराब के गोदाम से पांच दिन पहले अंग्रेजी शराब की 23 पेटी चोरी करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपियों के पास से 12 पेटी शराब बरामद हुई है। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बीती 17 जून की रात बगवाड़ा में एफएल-2 गोदाम से चोरों ने 18 पेटी अंग्रेजी शराब चोरी कर ली थी। गोदाम स्वामी राम सिंह की तहरीर के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दक्ष रोड से चंदन साहनी, अनरजीत व अजय साहनी निवासी बगवाड़ा को चोरी की गई 12 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा।
शराब बेचने को लेकर भिड़े दो पक्ष
हरिद्वार की शिवलोक कॉलोनी में शनिवार की रात अवैध शराब बेचने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पुलिस कॉलोनी पहुंची और लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। पुलिस के जाने के बाद दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। इसके बाद पुलिस दो आरोपितों को पकड़कर ले गई। उनका पुलिस एक्ट में चालान किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शिवलोक कॉलोनी में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर कॉलोनी में अवैध रूप से शराब बेचने का आरोप लगाया। इसको लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौच होने लगी और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चल गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। रानीपुर कोतवाली के एसएसआई विक्रम धामी ने बताया कि दोनों पक्षों के दो आरोपियों का पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया है। शराब बेचने के आरोपों की जांच की जा रही है।