जसपुर। सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारी के खिलाफ तहसील एवं नगर पंचायत महुआडाबरा की प्रशासनिक टीम ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई की। गांव की सवा तीन बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा उसमें सीमांकन की कार्रवाई कर भूमि को कब्जे में लिया गया।
भूमि पर अब पार्क बनाया जाएगा। नगर पालिका की चेयरमैन गायत्री देवी ने बताया कि भूतपुरी मार्ग पर बिजली घर के पास सवा तीन बीघा बंजर जमीन पर किसी व्यक्ति ने कब्जा कर रखा था। भूमि खाली कराने के लिए कार्यालय की ओर से डीएम को पत्र लिखा गया था।
डीएम के निर्देश पर शनिवार को ईओ आदित्य जोशी ने राजस्व टीम के साथ मिलकर खसरा नंबर 27 की मौके पर नापजोख कराई। उसके बाद जेसीबी से भूमि को खाली करा लिया। चेयरमैन ने बताया कि खाली कराई भूमि पर रजत जयंती पार्क बनाए जाने की योजना है। वहां धीरेंद्र नेगी, इंदू भट्ट, सोनू सिंह आदि थे।