जसपुर। माइनिंग बैरियर के कर्मचारियों पर फायर झोंकने वाले तीन बदमाश मुकेश कश्यप, करन और नीरज कश्यप पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। उनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा मय कारतूस खोखा बरामद किया है।
कैलाश रिवर बेड मिनरल्स कंपनी के काशीपुर-जसपुर एरिया मैनेजर सतीश कुमार ने बताया 18 मई को ठाकुरद्वारा मार्ग तालबपुर बॉर्डर स्थित माइनिंग बैरियर पर कर्मचारी अभिषेक, पवन और यश के साथ ड्यूटी कर रहा था। तभी मुकेश कश्यप निवासी कनकपुर पीपली थाना ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) अन्य लड़कों के साथ आया और बैरियर के पास बैठे कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। वह भागे तो मुकेश ने उनपर फायर झोंक दिया।
कर्मचारियों ने खुद को तो बचा लिया पर गोली जाकर दुकान के शटर पर लग गई। हमलावर बैरियर हटाने तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सोमवार को एसपी क्राइम ऊधमसिंह नगर निहारिका तोमर ने घटना का खुलासा करते हुए बताया पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी मुकेश कश्यप (26) व उसके साथी करन (24) एवं नीरज कश्यप (32) निवासीगण ग्राम जस्सा गांजा चिल्किलिया रामनगर (नैनीताल) को शरीफ नगर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।