पंतनगर। मुखबिर की सूचना पर पंतनगर पुलिस ने सिडकुल चौकी की फर्जी मुहर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सिडकुल की कंपनियों में काम के लिए आने वाले लोगों को धोखे में रखकर उनका फर्जी सत्यापन करते थे और इसके बदले रकम वसूलते थे। सिडकुल चौकी इंचार्ज गणेश दत्त भट्ट ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर टाटा मोटर्स के गेट से टंकी चौक को आने वाली रोड पर छापा मारकर दो लोगों को पकड़ा। उन्होंने अपना नाम अनिल गंगवार और मनोज सिंह भाकुनी बताया।
अनिल एएमसी कंपनी में मैन पावर सप्लायर और मनोज ओएफएम के कैंटीन का सुपरवाइजर है। दोनों आरोपियों के पास सिडकुल चौकी की फर्जी मुहर मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह कंपनियों में काम के लिए आने वाले लोगों को धोखे में रखकर उनके सत्यापन फॉर्म पर मुहर लगाते थे। इसके बाद फॉर्म पर पर अंग्रेजी में रिसीव्ड लिखते थे। इसके बदले उनसे पैसा लेते हैं।
बताया कि मजदूर कंपनी में फोटो स्टेट प्रति लगाते हैं और ओरिजनल अपने पास रखते हैं। उनके पास से एक मुहर, एक स्टांप पैड व दो वर्क फार्म बरामद हुए। इन फार्मों पर सिडकुल चौकी की मुहर लगी थी।