किच्छा। लालपुर में चोरों ने कंपनी के एकाउंटेंट का घर खंगालकर लाखों के जेवर चोरी कर लिए। वारदात के समय एकाउंटेंट अपनी बहन के घर दीपावली मनाने गया था। पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रामेश्वरपुर रोड निवासी अनुज अरोरा लालपुर में एक कंपनी में एकाउंटेंट हैं। वह घर पर पत्नी प्रियंका व पुत्र क्रियांश के साथ रहते हैं। अनुज ने बताया कि सोमवार रात वह बहन के घर वसुंधरा काॅलोनी में परिवार के संग दीपावली मनाने गए थे। रात करीब 12 बजे जब वह घर लौटे तो सारा घर अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने एक पेड़ के सहारे घर की छत पर आकर मुमंटी का दरवाजा खोला और सारे घर को खंगाल दिया।
बताया कि चोर 15000 रुपये, एक डायमंड सेट, रिंग, चेन, कानों के झुमके आदि के अलावा दो ग्राम का सोने का सिक्का ले गए। चोरों ने सभी अलमारी, बेड भी खंगाले। सीओ बीएस धोनी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद
पौन घंटे में चोरों ने घटना को दिया अंजाम
अनुज ने बताया कि वह बहन के घर पर पौन घंटे रुका। इस बीच चोरों ने घटना को अंजाम दिया। आशंका है कि चोरी करने वाले पहले से घर की रेकी कर रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।