बाजपुर। हाइवे स्थित गांव कनौरा में घर के अंदर घुसकर चोर संदूक और अल्मारी का ताला तोड़कर 1, 75000 रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए। खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित ने दोराहा पुलिस चौकी में तहरीर दी है।
शनिवार देर रात गांव कनौरा निवासी शाहनवाज हुसैन के घर में घुसकर चोरों ने संदूक, अल्मारी का ताला तोड़कर आठ तोले सोने और आधा किलो चांदी के आभूषण और 1,75000 की नकदी लेकर भाग गए। रविवार तड़के शाहनवाज हुसैन के परिजनों ने उठकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा और अल्मारी, संदूक का ताला टूटा मिला।
बताया गया कि मकान की दीवार फांदकर चोर घर के अंदर घुसे थे। ग्रामीणों ने जंगल की तरफ खोजबीन की लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चला। सूचना पर दोराहा पुलिस चौकी इंचार्ज अरविंद बहुगुणा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त कराने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। (संवाद)