गदरपुर। उच्च न्यायालय और डीएम के निर्देशों के अनुपालन में विभागीय संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक टीम सक्रिय है। शनिवार को महतोष चौकी के पास लोनिवि की सड़क पर स्थित साहिबजादे चौक पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम ऋचा सिंह और तहसीलदार लीना चंद्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम को देख अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विरोध जताया। हालांकि अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। साहिबजादे चौक कमेटी के सदस्यों ने लोनिवि के एई मनोज कुमार को लिखित आश्वासन दिया कि उनकी ओर से पांच मार्च तक स्वयं अतिक्रमण हटा लिया जाएगा।
कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया कि तय तिथि तक अतिक्रमण न हटाने की स्थिति में यदि प्रशासन कार्रवाई करता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। प्रशासन ने चेतावनी दी कि समय सीमा के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहां राजेंद्र कोचर, गुरजीत सिंह संधू, परमजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह और सुरेंद्र सिंह आदि थे। संवाद