गदरपुर। सोशल मीडिया पर सिख धर्म से जुड़ी आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय सिख संगठन से जुड़े सिख समाज के लोगों ने एसओ से मुलाकात की।
पुलिस ने आरोपी युवक के खेद जताने और भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न होने का लिखित पत्र लेकर हिदायत देकर छोड़ दिया। बीते दिनों दिनेशपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुक्सौरा में जमीनी विवाद को सुलझाने के दौरान पुलिस और सिख समाज के लोगों के बीच धक्का मुक्की हुई थी। गदरपुर निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया पर सिख समाज के लोगों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट कर दी। टिप्पणी के वायरल होने पर सिख समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। एलआईयू के एसआई मोहम्मद रिजवान खान ने युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की। युवक ने भावावेश में आकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने पर खेद व्यक्त किया।
भारतीय सिख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी के नेतृत्व में मिले सिख समाज के लोगों को एसओ जसवीर सिंह चौहान ने इसकी जानकारी दी। वहां सुखविंदर सिंह सुक्खा, अमन बाठला, सुरजीत सिंह आदि थे।