काशीपुर। बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण नहीं होने से एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। अस्पताल प्रशासन वेस्ट को एकत्र करने के लिए अस्पताल के पास बेहतर डस्टबिन तक नहीं है।
अस्पताल में रोज 700 से अधिक की ओपीडी होती है। विभिन्न बीमारी के कई मरीज रोज भर्ती हो रहे हैं। ऑपरेशन, सामान्य एवं सीजर प्रसव भी होते हैं। विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में बायोमेडिकल वेस्ट निकलता है। इसे एकत्र करने के लिए व्यवस्था भी की गई है। ट्रामा सेंटर के पीछे लोहे का रखा डस्टबिन गल चुका है और कई साल से टूटा हुआ है। वेस्ट के ढेर में कुत्ते एवं अन्य जानवर गंदगी को फैला देते हैं। इससे आसपास दुर्गंध उठती है। संक्रामक बीमारी फैलने की संभावना भी बनी हुई है।
सरकारी अस्पताल काशीपुर में बायोमेडिकल वेस्ट उठाने के लिए गदरपुर से एक संस्था का वाहन सप्ताह में दो दिन जाता है। नियमित वेस्ट उठाने और डस्टबिन रखने के लिए कंपनी को कहा गया है।
- डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर