जेवरात और 40 हजार रुपये पार करने का आरोप, पुलिस कर रही जांच
किच्छा। इलाज कराने हल्द्वानी गई महिला का घर चोरों ने खंगाल दिया। चोर घर पर रखे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
हल्द्वानी रोड पर चीनी मिल के सामने शिवपुरम कॉलोनी में लक्ष्मी भट्ट का मकान है। बृहस्पतिवार को लक्ष्मी अपना इलाज कराने के लिए हल्द्वानी गई थी। रात में हल्द्वानी में अपनी बेटी के घर ही रुक गईं।
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों से घर के ताले टूटे होने की सूचना पर वह बेटी के साथ लौटी तो सारा घर अस्त-व्यस्त मिला। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर सारा घर खंगाल दिया। अलमारी, दीवान बेड में रखे सारे कपड़े व सामान फैला दिया। लक्ष्मी भट्ट की बेटी पूजा ने बताया कि चोर घर से सोने की चेन, अंगूठी, कड़े के अलावा करीब 40 हजार नकदी ले गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।