छात्रों व युवाओं ने नगर में रैली निकाल कर टिकट की जुगत में लगे राजनीतिक दलों के नेताओं को ताकत का अहसास करा दिया। प्रत्याशी खड़ा करने के निर्णय के लिए तीस सदस्यों की समिति का गठन किया गया।
शनिवार को रामलीला मैदान में छात्र एवं युवा संगठन के नेता हरदेव सिंह हैरी के आह्वान पर छात्र युवा जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पूर्व छात्र संघ पदाधिकारी, छात्र व युवाओं की बड़ी संख्या थी। वक्ताओं ने सरकार व जन प्रतिनिधियों पर युवाओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। हरदेव सिंह हैरी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जन प्रतिनिधि युवाओं को भूल जाते हैं। युवा बेरोजगारी से त्रस्त है। क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं। अधिकांश युवा किसान परिवारों से है।
किसान कर्ज में आकर डूब चुका है। उनके बच्चे बेरोजगार घूम रहे है। छात्र नेताओं ने चुनाव लड़ने के मामले में निर्णय करने के लिए एक समिति गठित की है जो चुनाव लड़ना है या नहीं इसका निर्णय लेगी। युवाओं ने नगर के विभिन्न मार्गों पर पैदल रैली निकाल कर अपनी ताकत कार अहसास करा दिया। रैली रामनगर मार्ग से होकर एमपी चौक, बाजार से डॉक्टर लेन से वापस रतन सिनेमा रोड से रामलीला मैदान पहुंची। युवाओं की रैली दिन भर चर्चा का विषय रही। रैली में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू, वासु शर्मा, गुरुप्रीत सिंह गोपी, जगरूप सिंह, हरप्रीत सिंह, रवि चौधरी, विभु शर्मा, वीरजोत ग्रेवाल, सरफराज चौधरी मुख्य थे।