सितारगंज। कमरे में अकेला देखकर छोटे भाई ने बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बड़े भाई का दाहिना कूल्हा और कंधा टूट गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
शक्तिफार्म के गांव तिलियापुर निवासी पीड़ित के पुत्र उत्कर्ष पांडे ने बताया कि उसका चाचा जितेंद्र नाथ पांडे आए दिन गांव में शराब पीकर लोगों से गालीगलौज और मारपीट करता है।
बताया कि चाचा जितेंद्र उसे व उसके परिवार को पैतृक संपत्ति से बेदखल कराना चाहते हैं, जिस कारण उन्होंने पहले भी मारपीट की थी।
20 मई को उसके पिता भगवान पांडे अपने कमरे में आराम कर रहे थे। इस बीच उसके चाचा जितेंद्र ने उसके पिता को अकेला व असहाय पाकर उन पर हमला कर दिया।
हमले में उनका दाहिना कूल्हा और कंधा टूट गया। साथ ही, उनके शरीर पर भी कई जगह गंभीर चोटें आईं। एंबुलेंस की मदद से उन्हें उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में भर्ती कराया गया।
उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया है।