जसपुर। खरीदी गई भूमि के पूरे पैसे देने के बाद भी रजिस्ट्री न कराए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है।
ग्राम सूरजपुर निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि मोहल्ला फतेह उल्ला गंज थाना ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) निवासी रईस अहमद से उसने ठाकुरद्वारा के ग्राम रामूवाला में कॉलोनी की भूमि में से आधी भूमि को खरीदा था। इस सौदे में रईस की ओर से उसका पुत्र मो. हारिस एवं दो अज्ञात व्यक्ति भी शामिल थे। बिजनौर के दो व्यक्ति के बीच उसका यह सौदा तय हुआ था। पीड़ित ने बताया कि रईस को उसने अलग-अलग तिथियों में नकद एवं आरटीजीएस के माध्यम से 69 लाख रुपये की रकम दी थी। तय हुआ था कि ग्राहकों को बेचने पर भूमि का बैनामा करा दिया जाएगा, लेकिन उसके बाद भी रईस ने भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई। जबकि एग्रीमेंट में फाइनल रकम अदा करते ही भूमि की रजिस्ट्री कराने की बात तय हुई थी। आरोप है कि रईस ने भूमि को किसी अन्य व्यक्ति को बेच कर बैनामा करा दिया है। कोतवाल जगदीश सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जा रही है।