कार्रवाई की मांग को पुलिस चौकी का घेराव करते व्यापारी
- फोटो : अमर उजाला
बौर जलाशय में घूमने आए युवक के साथ आधा दर्जन अराजक तत्वों ने मारपीट कर मोबाइल व पांच हजार की नगदी छीन ली। पीड़ित युवक ने व्यापारियों के साथ पुलिस चौकी का घेराव कर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पंतनगर नगला निवासी राहुल ने बताया कि वह गूलरभोज में अपने मामा के घर आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त के साथ बौर जलाशय घूमने चला गया। जलाशय में थोड़ी देर हो गई तो एक व्यक्ति ने दोनों को अपने पास बुलाया। जैसे ही वह उसके पास पहुंचा तो लगभग आधा दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया।
उनके साथ बदसलूकी की, जान छुड़ाने के उन्हें दो हजार भी दिए इसके बाद भी वह नहीं माने। बताया कि उक्त लोगों ने उनसे कीमती मोबाइल और जेब में रखी पांच हजार की नगदी भी छीन ली। कहा कि इसकी सूचना पुलिस को दी तो वह उनको नहीं छोड़ेंगेे। डर के कारण वह शुक्रवार को तहरीर नहीं दे पाए। परिजनों और रिश्तेदारों के कहने पर वह व्यापार मंडल अध्यक्ष डा. कुलदीप रघुवंशी और उप सचिव सतीश चुघ के पास शिकायत लेकर पहुंचे।
इन लोगों के नेतृत्व में पीड़ित ने साथियों के साथ पुलिस चौकी का घेराव कर मारपीट करने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस चौकी में मौजूद पुलिस कर्मी पंकज सजवाण व महेंद्र बिष्ट ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घेराव करने वालों में प्रकाश, भुपेंद्र, रवि चौधर, आशीश, उमेश, श्रीराम, आर्यन सहित कई लोग थे।