पंतनगर के विजेता खिलाड़ी सम्मानित
- फोटो : अमर उजाला
पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की 51वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। स्टीवेंसन स्टेडियम में हुई प्रतियोगिताओं में सुभाष हॉस्टल टीम ने छात्रा वर्ग में ओवरऑल चैंपियनशिप जीती, जबकि छात्रा वर्ग में गंगोत्री हॉस्टल की टीम दूसरे स्थान पर रही। छात्र वर्ग में चितरंजन हॉस्टल नंबर एक की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। छात्र वर्ग में शिवालिक हॉस्टल को दूसरा स्थान मिला।
छात्रों में प्रवीन, छात्राओं में महिमा जोशी सबसे तेज दौड़ी, जबकि अंकिता तिवारी को तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान मिला। समापन सत्र के मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. जे. कुमार, अधिष्ठाता विद्यार्थी कल्याण डॉ. एसपी सिंह ने विजेताओं को मेडल एवं ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में अनुशासित ढंग से भाग लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभागिता भी उत्साहजनक रही।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक सोच पैदा करना चाहिए। इससे शैक्षणिक प्रदर्शन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने प्रतियोगिता का झंडा उतारकर अधिष्ठाता विद्यार्थी कल्याण को सौंपते हुए प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
अधिष्ठाता विद्यार्थी कल्याण डॉ. एसपी सिंह ने आगंतुकों का स्वागत किया। स्टाफ काउंसलर डॉ. एसपी सिंह ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट पेश की। आयोजन सचिव डॉ. जीएस बोहरा ने आभार व्यक्त किया। एनाउंसमेंट असलम कोहरा ने किया। डॉ. एसपी सिंह, डॉ. एएस जीना, भास्कर तिवारी, एचएस पपोला आदि ने आयोजन में सहयोग दिया।