काशीपुर। अप्रैल-मई की भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम के करवट लेने और समय-समय पर हो रही बारिश ने एसी व कूलर का कारोबार ठंडा कर दिया है। शोरूम संचालकों के अनुसार, सीजन से पहले स्टॉक मांगा कर रखा लिया लेकिन खरीदार बाजार में नहीं है।
मौसम के अचानक करवट लेने और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने गर्मी का मिजाज ही बदल दिया और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार का कारोबार ठंडा कर दिया है। रामनगर रोड के शोरूम संचालक अजीत गुप्ता व अनुज प्रजापति बताते हैं, पिछले साल इन दिनों दिन में 25-30 एसी और 40-50 कूलर निकल जाते थे। इस बार पूरा दिन बीत जाता है, दो-तीन ग्राहक ही पूछने आते हैं। उनके मुताबिक सामान्य सीजन में काशीपुर में लगभग पांच हजार एसी और आठ हजार कूलर बिक जाते हैं।
इस बार 30 फीसदी स्टॉक भी नहीं निकला है। थोक विक्रेताओं ने फरवरी-मार्च में ही कंपनियों से माल मंगा लिया था। गोदाम भरे हैं खरीदार बाजार में नहीं हैं। कूलर कारीगर रईस ने कहा हर साल अप्रैल में पुराने कूलर की सर्विस का काम हाथ से निकलता नहीं था। बारिश और बादलों ने अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे रोक रखा है।