बाजपुर। विजिलेंस और ऊर्जा निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर विभिन्न गांवों में छापा मारा। इससे ग्रामीणों में खलबली मच गई। इस दौरान टीम ने 21 घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता विवेक कांडपाल ने बताया कि विजिलेंस और विद्युत की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर गांव बन्नाखेड़ा, भीकमपुरी, जबरान, हजीरा क्षेत्र में 21 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। टीम ने क्षेत्र विभिन्न गांवों में 108 उपभोक्ताओं की चेकिंग की। इसमें बकायेदार 87 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। इन पर 32 लाख रुपये बकाया है। अभियान के तहत टीम ने बकाया उपभोक्ताओं से करीब 23 लाख रुपये के राजस्व की वसूली की है। बताया कि चेकिंग अभियान जारी रहेगा। टीम में विजिलेंस एसडीओ अमित आर्य, एसडीएमओ गिरीश पांडे, अवर अभियंता योगेश कुमार, मोहम्मद फरहान आदि शामिल रहे। संवाद