बीती रात वार्ड नं-9 में बीस रुपये को लेकर हुए बच्चों का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। सुबह एक बार फिर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। जिससे फिर एक बार अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
बताते चलेेें कि शनिवार देर रात्रि वार्ड नौ में बीस रुपये को लेकर बच्चों में आपसी विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि बच्चों से शुरू हुआ झगड़ा परिजनों के बड़ों तक जा पहुंचा और दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे व धारदार हथियार चल पड़े। जिसमें मो. आलम, मो. फुरकान और नाजरा बी घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां मो. आलम एवं मो. फुरकान की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।
रविवार को फिर एक बार दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने हो गए और तनातनी होने लगी। जिससे आसपास के इलाकों में अफरातफरी शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के मो. साकिब, साजिद अली, रिहान अली और अब्बास को हिरासत में लेकर थाने ले आई।