क्षेत्रीय विधायक के आवास पर पैसों के लेनदेन को लेकर पंचायत करने आए दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों की बीच तकरार के बाद मारपीट हो गई।
जिसमें दोनों पक्षों का एक-एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के समय विधायक मौके पर मौजूद नहीं थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में तहरीर दी है।
ग्राम गोविंदपुर निवासी तिलकराज गंभीर का दिनेशपुर के ग्राम खटोला नं-1 निवासी जगदीश कार्की से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
दोनों पक्षों के लोगों की ग्राम संतोष नगर स्थित भाजपा विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर पंचायत रखी गई। पंचायत के लिए ग्राम चक्की मोड़ निवासी तारा सिंह भी मौजूद था। पंचायत शुरू होने से पहले ही तारा की किसी बात को लेकर तिलकराज गंभीर से तकरार हो गई।
तारा का आरोप है तिलकराज ने लाइसेंसी पिस्टल को निकालकर उसे धमकाया। धनसिंह, योगेश सिंह ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उससे मारपीट की। मारपीट में तारा के हाथ के काफी चोटेें पहुंची। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया।
घटना के समय विधायक पांडेय मौजूद नहीं थे। तारा ने तिलकराज, धनसिंह और योगेश के खिलाफ गदरपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तारा को मेडिकल के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं दूसरे पक्ष के योगेश सिंह ने भी थाने में तहरीर देकर तारा के खिलाफ हाथापाई, सिर में चोट मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीरों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।