ट्रेन के टिकट के लिए अब लाइन में लगने की जरुरत नहीं है। रेलवे विभाग ने काशीपुर रेलवे स्टेशन पर तीन अॅटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) मशीनें लगा दी है। यात्रियों को अब इसी मशीन से टिकट मिलेगा। इसके लिए उन्हें रेलवे विस्मार्ट कार्ड एटीवीएम में डालना होगा।
रेलवे डिवीजन ऑफिस इज्जतनगर बरेली की ओर से शुक्रवार को काशीपुर रेलवे स्टेशन पर तीन एटीवीएम मशीन लगाई गई। एक मशीन की कीमत ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। रेलवे विभाग के अनुसार टिकट खिड़की से 50 रुपये सिक्योरिटी के रूप में जमा करने पर एटीवीएम स्मार्ट कार्ड मिलेगा। इसको एवीटीएम मशीन में डालने पर मशीन की स्क्रीन पर स्टेशनों के नामों की सूची आ जाएगी। जिस भी स्थान का टिकट चाहिए उस पर अगुंली से टच करने पर एटीवीएम मशीन से टिकट निकल आएगा।
संबंधित स्टेशन के लिए सीट नहीं होने पर नो सीट लिखा आ जाएगा। एक स्मार्ट कार्ड से 70 रुपयों से दस हजार तक के टिकट मिल सकते हैं। मशीन से हिंदी और अंग्रेजी भाषा में ट्रेन का टिकट निकाल सकते हैं। विभाग के अनुसार मशीन में एक बार कार्ड के प्रयोग से 4 टिकट तक निकाल सकते हैं।
जिन यात्रियों को कार्ड का प्रयोग करना नहीं आता है तो वह कांउटर से भी टिकट ले सकते हैं। कार्ड की समय सीमा एक साल रखी गई है। एक साल के बाद कार्ड को रिनीवल कराना होगा। 6 महीने के भीतर एक बार कार्ड का उपयोग आवश्यक है। प्रयोग न होने पर कार्ड बंद हो जाएगा। विभाग के अनुसार रेलवे बरेली ने काठगोदाम, लालकुंआ और काशीपुर में एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं।
रामनगर और रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर भी लगेगी एटीवीएम
रेलवे जं. काशीपुर के मुख्य वाणिज्यकर अधीक्षक पीएस रावत ने बताया कि अनियार का डिवीजन आफिस इज्जतनगर बरेली स्टेशन के टिकटघर में तीन मशीनें लगा दी हैं। मशीन लगाने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेल के टिकट के लिए घंटों लाइन में खड़े होने की समस्या से छुटकारा दिलाना है। लालकुंआ, काठगोदाम और काशीपुर के बाद रामनगर और रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर शीघ्र ही एटीवीएम मशीन लगाई जाएगी।