केलाखेड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज में चार वर्षों से उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा नहीं होने से छात्र-छात्राओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के करीब 148 छात्र-छात्रा लगभग 12 किमी दूर बाजपुर जाकर इम्तिहान दे रहे हैं।
नेशनल हाईवे-74 किनारे स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज का पहला सत्र चार वर्ष पूर्व एक अप्रैल 2021 से शुरू हुआ था। विद्यालय का लोकार्पण तत्कालीन शिक्षा मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे ने किया था। इस वर्ष भी हाईस्कूल के 96 और इंटरमीडिएट के 52 छात्र-छात्राओं समेत 148 परीक्षार्थियों को लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय कर बाजपुर के डीएवी स्कूल जाना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में परीक्षार्थियों और अभिभावकों को केंद्र तक आने-जाने की असुविधा झेलनी पड़ रही है।
विद्यालय में बारिश के दौरान जलभराव होने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो जाता है।