नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने प्राचार्य का घेराव किया और छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। प्राचार्य डॉ. हरिराम तिरूआ ने छात्रों की कॉलेज स्तर की मांग पूरी करने और अन्य मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक चंद के नेतृत्व में दर्जनों छात्रों ने प्राचार्य डॉ. हरिराम तिरूवा का घेराव किया। छात्रों ने कॉलेज गेट पर जमकर नारेबाजी करतेे हुए मुख्य द्वार पर धरना दिया।
उन्होंने प्राचार्य डॉ. तिरूआ को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर कॉलेज प्रशासन को अंकतालिकाओं की गड़बड़ी में सुधार का जिम्मा उठाने, बीएससी और बीए में न्यूनतम अर्हता के आधार पर प्रवेश देने, एमए योगा की कक्षाओं का संचालन करने, एनसीसी के लिए प्रवक्ता नियुक्त करने और एमकॉम के संचालन की मांग विभाग को भेजने की मांग रखी।
बाद में प्राचार्य डॉ. तिरूआ ने स्नातक स्तर पर खुला प्रवेश देने, एनसीसी की छात्राओं के लिए प्रवक्ता नियुक्त करने के साथ ही अंक तालिकाओं में गड़बड़ी को ठीक कराने को एक काउंटर खोलने का आश्वासन दिया और एक व्यक्ति प्रत्येक 15 दिन बाद विवि जाकर अंक तालिकाओं का सुधार कराएगा। उन्होंने एमए योगा, भूगोल और बीकॉम के लिए एक सप्ताह में कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।
जिसके बाद धरना समाप्त हो गया। वहां पंकज यादव, सुनीता जोशी, तनुजा ज्याला, नीरज कन्याल, सूरज बुंगला, कमल भट्ट, सागर जोशी आदि थे।