फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: तीसरे दिन भी नहीं सुधरे हालात, तहसीलदार और पुलिस के पहरे में बंटे सिलिंडर

Fri, 13 Mar 2026 12:47 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। शहर में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत तीसरे दिन भी कम नहीं हुई। बृहस्पतिवार को सुबह से ही गाबा चौक स्थित गैस गोदाम के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। हालात को देखते हुए प्रशासन को व्यवस्था संभालनी पड़ी। तहसीलदार दिनेश कुटौला और एसएसआई अनिल जोशी की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बांटे गए। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई लोग परेशान दिखाई दिए। सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और मजदूर वर्ग के लोग सिलेंडर लेने के लिए गोदाम पहुंचने लगे थे। पुलिस की निगरानी में लाइन लगवाकर सिलिंडर बांटे गए ताकि किसी तरह की अफरातफरी या विवाद की स्थिति न बने। हालांकि सीमित संख्या में सिलेंडर आने के कारण लोगों की परेशानी कम नहीं हो सकी।
विज्ञापन

कई उपभोक्ताओं का कहना था कि दो-तीन दिन से लगातार गोदाम के चक्कर लगा रहे हैं। बुकिंग कराने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे घरेलू कामकाज और छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं।

गैस एजेंसी मैनेजर पर भड़के ठुकराल
गैस एजेंसी में लोगों की परेशानी को देख पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एजेंसी मैनेजर पर गुस्सा निकाला। साथ ही तहसीलदार से वार्ता की। ठुकराल तब तक मौके पर खड़े रहे जब तक ऑनलाइन बुकिंग करने वाले और मैनुअली सिलिंडर लेने वालों को गैस नहीं मिल गई। हालांकि कई लोग बिना गैस लिए भी लौटे।
विज्ञापन


उपभोक्ताओं का कहना
- कल भी लाइन में लगी थी लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। आज फिर सुबह आना पड़ा। घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। - शोभा देवी, गृहिणी
- काम पर जाने के बजाय यहां लाइन में खड़ा हूं। अगर गैस नहीं मिलेगी तो घर में खाना नहीं बन पाएगा। दिक्कतें बढ़ रही हैं। - अनूप, उपभोक्ता
- पुलिस की व्यवस्था से थोड़ी राहत है लेकिन सिलिंडर कम होने के कारण अब भी परेशानी हैं। व्यवस्था में जल्द सुधार करना चाहिए। - अनीता, गृहिणी
- तीन दिन से यही हाल है। अगर पर्याप्त गैस सिलिंडर आएं तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। बहुत परेशानी हो रही है। अमन, उपभोक्ता
कोट
गैस कि किल्लत को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है जबकि ऐसा नहीं है। लोग इसी भ्रम के कारण अधिक सिलिंडर ले रहे हैं। दो दिन पहले डिमांड भेजी गई थी। पर्याप्त सिलिंडर आ रहे हैं दो-तीन दिन में हालात स्थित होने की उम्मीद है। - प्रमोद पांडे, प्रबंधक, गैस एजेंसी
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें