रुद्रपुर। शहर के सिविल लाइन रोड पर स्थित जूते की दुकान के स्वामी ध्रुव चावला (25), जिन्होंने बृहस्पतिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया था, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। गाजियाबाद के उच्च संस्थान में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार की रात 10 से 12 बजे के बीच रुद्रपुर के आर्दश कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला पुत्र अनिल चावला ने सिविल लाइन रोड पर स्थित अपनी जूतों की दुकान पर खुद की कनपटी पर गोली मार दी थी। वह ध्रुव हरजिंदर नाम के युवक के साथ मिलकर पार्टनरशिप में दुकान चलाते थे।
बृहस्पतिवार रात 11:30 बजे तक ध्रुव घर नहीं पहुंचा तो मां को चिंता सताने लगी। बेटे को कॉल किया तो रिसीव नहीं हुआ। महिला ने हरजिंदर को फोन कर दुकान पर जाने को कहा। हरजिंदर दुकान पर पहुंचा ताे आधा शटर खुला था और ध्रुव दुकान के अंदर खून से लथपथ पड़ा था। कांच का दरवाजा तोड़कर हरजिंदर ने उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल लेकर गया। हालत नाजुक होने पर कारोबारी को गाजियाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया।
..............
डॉक्टरों ने कारोबारी की हालत नाजुक बताई है। गाजियाबाद से उन्हें वापस रुद्रपुर के निजी अस्पताल लाया गया है, जहां उपचार चल रहा है।- प्रशांत कुमार, सीओ