बाजपुर। बरहैनी-बन्नाखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार शाम सड़क हादसे में घायल हुई कृष्णा देवी (60) ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल जा रही वृद्धा को पीछे से टक्कर मार दी थी और मौके से भाग गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरहैनी निवासी कृष्णा देवी शुक्रवार देर शाम बन्नाखेड़ा मार्ग पर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्धा सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल कृष्णा देवी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।