नादेही गांव स्थित स्कूल में भरा पानी
- फोटो : amar ujala
नादेही गांव स्थित प्राइमरी एवं जूनियर स्कूल के कैंपस में करीब तीन फुट पानी भर गया, जिससे पढ़ाई ठप हो गई। स्कूल आई एक शिक्षिका और बच्ची के पैरों पर सांप लिपट गए। इससे स्कूल में अफरा तफरी मच गई। डरे सहमे शिक्षकों ने एसडीएम और विधायक से शिकायत कर स्कूल से पानी की निकासी कराई।
मंगलवार को हुई बारिश के बाद नादेही गांव की नहर और तालाब में पानी बढ़ गया। पानी नहर निकलकर निकलकर पास ही स्थित स्कूल परिसर में भर गया। सुबह शिक्षक अजय राज, यशपाल, शिक्षिकाएं शशि चौधरी, द्रोपदी पॉल, कुसुमलता, नजमा जमाल, मोना और छात्र स्कूल पहुंचे। शिक्षिकाएं और बच्चे पानी से होते हुए कक्षाओं को जा रहे थे। तभी शिक्षिका नजमा जमाल, मोना और बच्ची निकिता के पैरों पर सांप लिपट गए। तीनों ने सांपों को किसी तरह खुद से दूर किया और स्कूल से बाहर आ गए।
शिक्षिकाओं ने एसडीएम दयानंद सरस्वती और विधायक आदेश चौहान से स्कूल की स्थिति के बारे में बताया। इस पर विधायक और एसडीएम ने मौके पर जेसीबी भेजकर नहर एवं अतिक्रमण को साफ कराकर पानी की निकासी कराई। विधायक ने प्रधान खूब सिंह को स्कूल परिसर में मनरेगा से भरान कराने को कहा। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने एक सड़क बनवाने का भरोसा दिलाया। वहां सीआरसी अमित त्यागी, गजेंद्र सिंह, नौशाद सम्राट, नईम प्रधान, मुकेश पधान, राहुल बंटी, सनी पधान आदि थे।