काशीपुर। अप्रैल में मुख्यमंत्री की घोषणा और दो घंटे में जीओ जारी करने के बावजूद दिसंबर में जाकर सड़क गड्ढा मुक्त हो पाई है। नौ किलोमीटर की यह महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से लोगों के लिए समस्या बनी हुई थी।
अब पांच किलोमीटर की सड़क पर लगभग कार्य पूरा हो चुका है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय कार्यों में तेजी आई है। जैतपुर-धनौरी मार्ग के निर्माण के लिए 23 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंडेश्वरी के ग्राम दोहरी में नवनिर्मित एआरटीओ कार्यालय भवन और ऑटोमेटेड ड्राइविंग ट्रैक के लोकार्पण के लिए पहुंचे थे।
यहां उन्होंने मंच से इस मार्ग के सुधारीकरण का ऐलान किया था। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा था कि राज्य योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र बाजपुर में जैतपुर-धनौरी मार्ग के किमी संख्या एक से नौ तक डीबीएम व बीसी की ओर से सुधारीकरण का कार्य शीघ्र पूरा होगा।
सीएम की घोषणा के सिर्फ दो घंटे के बाद 10,13,95,000 रुपये मंजूर करते हुए शासनादेश भी जारी कर दिया। इसके बावजूद छह महीने तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं पाया था।
इस पर अमर उजाला ने बीती 27 अक्तूबर को ‘इंतजार की इंतहा... सीएम ने कहा था- जल्द बनेगी सड़क, अफसर बोले- एक साल लगेगा’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
इस पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग ने पांच किलोमीटर की सड़क को गड्ढामुक्त करते हुए एक लेयर सड़क का निर्माण कर दिया है। बची हुई सड़क को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है।