रुद्रपुर। महाकुंभ के अंतिम अमृत स्नान के लिए जाने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को भी प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या इस कदर बढ़ी कि रोडवेज प्रबंधन को एक के स्थान पर तीन बस प्रयागराज भेजनी पड़ीं।
सोमवार दोपहर दो बजे तक प्रयागराज जाने वाली नियमित बस सेवा की आधी ही सीटें ऑनलाइन माध्यम से बुक हुई थीं। लग रहा था कि सोमवार को एक ही बस प्रयागराज जा पाएगी, लेकिन शाम चार बजे बाद न केवल की सभी 45 सीटें बुक हो गईं बल्कि बस अड्डे में बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे।
कनिष्ठ स्टेशन प्रभारी दीवान लाल ने बताया कि यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए दो अतिरिक्त बस प्रयागराज भेजी गईं। 26 को महाशिवरात्रि पर अंतिम अमृत स्नान होना है। इसको देखते हुए प्रयागराज जाने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में लोगों के प्रयागराज जाने की उम्मीद है।
महाकुंभ में सरकार ने कीं बेहतर व्यवस्था : गोखले
बाजपुर। संस्कार भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले ने कहा कि महाकुंभ में सरकार की व्यवस्था बेहतर रही है। संस्कार भारती सहित अन्य सामाजिक संगठनों की तरफ से महाकुंभ व्यवस्थाएं की गई। उन्होंने सोमवार को संस्था के संयोजक देवेंद्र रावत के घर जाकर उनके पिता तारा सिंह रावत के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। इस दौरान वहां संस्कार भारती के कार्यालय प्रमुख अशोक तिवारी, मूल शंकर शास्त्री, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिट्टू चौहान, भगवंत मियान, रोहित बंसल, विरेंद्र गोयल आदि थे।