लोगों की शिकायतें रहती है कि पुलिस रिपोर्ट नही लिखती। कार्रवाई नहीं करती। इन शिकायतों को दूर करने के लिए पुलिस कप्तान ने अब नायब तरीका निकाला है। एसएसपी ने एक जनवरी से शिकायती पोस्ट कार्ड जारी करने का ऐलान किया।
शनिवार को कोतवाली परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी केवल खुराना ने कहा कि अमूमन लोगों को शिकायत रहती है कि पुलिस उनकी शिकायत दर्ज नहीं करती है। रिपोर्ट दर्ज होती है तो कार्रवाई नहीं करती है। उन्होंने बताया कि अब इसके लिए एक जनवरी से शिकायती पोस्ट कार्ड जारी हो रहे हैं। जिन पर अनुक्रमांक नंबर पड़े होंगे। जो सभी थाने और चौकियों में उपलब्ध होंगे।
जिसको जो भी शिकायत होगी वह थाना चौकी से कार्ड लेकर उसमें बने कालम में पुसिल थाना या चौकी का नाम, अपना नाम और पता, रिपोर्ट क्या है, कब दर्ज हुई, तहरीर कब दी, वह पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं आदि कालमों को भर कर पुलिस को लौटाना होगो। वह स्वयं कार्ड को पढ़ेंगे अगर पुलिस उसे कार्ड नहीं देती है तो एसएसपी के नाम एसएमएस भेज कर शिकायत करे। उन्होंने कहा कि जिस थाना और चौकी में कार्ड अधिक भरे मिलेंगे। उनको पुरस्कृत किया जाएगा। जिनके यहां कम शिकायती कार्ड भरे जाएंगे। उनको हटाया जाएगा। एसएसपी खुराना ने बताया कि इसके लिए जल्द ही दरोगाओं को अल्पकालीन प्रशिक्षण दिया जाएगा।