एनएच रुद्रपुर मार्ग पर एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। शहीद अमित नेगी तिराहा (जैतपुर मोड़) पर सुल्तानपुर पट्टी जा रहा एलपीजी गैस भरा कैप्सूल पलट गया। लेकिन कैप्सूल लीक नहीं हुआ।
शनिवार की सुबह गुजरात रिफाइनरी से एलपीजी गैस भर कर कैप्सूल एचआर 55जी-3451 इंडेन के बॉटलिंग प्लांट सुल्तानपुर पट्टी जा रहा था। इस दौरान कैप्सूल शहीद अमित नेगी तिराहा के पास मौजूद तीव्र मोड़ पर पलट गया।
सूचना मिलते ही बाटलिंग प्लांट के अधिकारियों और आईटीआई पुलिस में हड़कंप मच गया। बॉटलिंग प्लांट से अधिकारी और इंजीनियर घटना स्थल पर पहुंचे। कैप्सूल का निरीक्षण किया तो उसमें लीकेज नही मिला।
जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद अधिकारी कैप्सूल को सीधा करने में जुट गए। इसके लिए तीन क्रेन लगाई गई। कैप्सूल चालक बबलू निवासी अलीगढ़ ने बताया कि वह गुजरात से कैप्सूल लेकर बॉटलिंग प्लाट सुल्तानपुर पट्टी जा रहा था कि शहीद अमित नेगी तिराहे पर कैप्सूल पलट गया।