सैकड़ों श्रमिकों के बकाया वेतन, भत्ते की करोड़ों रुपये की रकम दबाए बैठी श्री श्याम पेपर मिल की कुर्क एक हेक्टेयर जमीन की नीलामी हो गई। नीलामी प्रक्रिया में जमीन की अंतिम बोली 1 करोड़ 30 लाख रुपये में छूटी। नीलामी की रकम से श्रमिकों को बकाया भुगतान किया जाएगा। जमीन की नीलामी होने से जल्द भुगतान होने की आस में श्रमिकों के चेहरे खिल गए हैं।
श्री श्याम पेपर मिल को करीब 550 श्रमिकों का करोड़ों रुपये का बकाया चुकाना है। बकाया नहीं देने पर मिल के खिलाफ अलग-अलग आरसी जारी हुई हैं। तहसील प्रशासन ने मिल की एक हेक्टेयर जमीन को कुर्क कर लिया था। एसडीएम दयानंद सरस्वती ने भूमि की नीलामी संपन्न कराने के लिए तहसीलदार संजय कुमार की अगुवाई में टीम गठित की थी।
बुधवार को तहसील परिसर में सब रजिस्टार एमएस सिंघल, चकबंदी अधिकारी संजय आर्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दीवान सिंह चिलवाल ने नीलामी प्रक्रिया कराई। जमीन की बोली में दस टीमों के 25 लोगों ने भाग लिया। मोहल्ला अल्ली खां निवासी शमशेर खान और फिरोजपुर निवासी गुरनाम सिंह ने जमीन की सबसे अधिक एक करोड़ 30 लाख रुपये की बोली लगाई।
तहसीलदार संजय ने बताया कि ठाकुरद्वारा मार्ग पर श्री श्याम पेपर मिल पर 532 मजदूरों का 15 महीने का एक करोड़ 87 लाख रुपये का बकाया है। बकाए के संबंध में आरसी जारी होने पर भी भुगतान नहीं होने पर प्रशासन ने मिल की ग्राम बसई स्थित एक हेक्टेयर भूमि की नीलामी कराई, जो 1 करोड़ 30 लाख रुपये में छूटी।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी डीएलसी कार्यालय से भी बकाया भुगतान के संबंध में मिल के खिलाफ आरसी जारी हुई है, उस पर भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नीलामी प्रक्रिया को एसडीएम की मंजूरी मिलेगी। उसके बाद जिन लोगों के नाम नीलामी छूटी है, उनसे पैसा लेकर श्रम विभाग को दिया जाएगा। श्रम विभाग ही श्रमिकों को वेतन बांटेगा।
श्री श्याम पेपर मिल के श्रमिकों ने बकाया वेतन के भुगतान के लिए मिल की जमीन की नीलामी होने को उनकी जीत बताई है। इंटक नेता भगवान सिंह खालसा और अमर जीत सिंह ने कहा कि पेपर मिल मालिक को प्रशासन की तरफ से बार-बार समय मिलने के बाद भी भुगतान नहीं किया। तब प्रशासन ने आरसी की वसूली के लिए पेपर मिल की जमीन का नीलाम किया। उन्होंने एसडीएम दयानंद सरस्वती और तहसीलदार संजय कुमार की सराहना की। मजदूरों ने तहसील परिसर में उत्साह में नारेबाजी की। इस मौके पर मित्ता सिंह, विरक्षा सिंह, अन्नू सिंह आदि थे।