काशीपुर। नाली के पानी की निकासी में रोड़ा बन रहे अतिक्रमण को नगर निगम की टीम ने हटा दिया है। मेयर दीपक बाली के नेतृत्व में टीम ने रात के समय नालियों की सफाई की। शुक्रवार को पूर्व में चिन्हित किए गए अतिक्रमण स्थलों में से कई ऐसे स्थानों पर से अतिक्रमण हटाया गया।
इसके बाद निगम की टीम ने संबंधित क्षेत्रों में नालियों की सफाई की जिनमें जमा सिल्ट और कचरा हटाकर जल प्रवाह को सुचारू किया। उधर, मेयर बाली देर रात 11 बजे निरीक्षण पर पहुंचे और वाणिज्यिक क्षेत्रों में चल रहे नाइट स्वीपिंग एवं कचरा संग्रहण कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। यहां सेनिटरी इंस्पेक्टर मनोज बिष्ट, स्वच्छ भारत मिशन के परियोजना प्रबंधक एहतेशाम, पीएमयू प्रतिनिधि जुबैद, पर्यवेक्षक राजेश एवं रिंकू आदि मौजूद रहे।