अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर दोनों देशों के नागरिकों के दस्तावेज की हो रही जांच
खटीमा। नेपाल में अंतरिम सरकार बनने के बाद खटीमा स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही शुरू हो गई हैं। हालांकि सीमा पर आवाजाही करने वाले नेपाली के नागरिकों के नागरिकता कार्ड और भारतीयों के आधार कार्ड चेक किए जा रहे हैं। नेपाली नागरिकों की आवाजाही शुरू होने से मेलाघाट बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। नेपाल के सुंदर नगर, कंचनभोज, गौरीटोल, बाबाथान, सैनिक टोल, देवरालीघाट, धामी टोली, गौरीटोल से लोग किराने का सामान के अलावा फल व सब्जियां लेने मेलाघाट बाजार में पहुंच रहे हैं। इससे व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित मेलाघाट बाजार का व्यापार के नेपाली नागरिकों पर अधिक निर्भर है। सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि खेलड़िया में बाइस पुल के पास भी पुलिस टीम चेकिंग कर रही है।
कोट-
कुछ दिन लगातार नेपाली नागरिकों के न आने से बाजार में सुनसानी हो गई थी। अब नेपाली नागरिक पहले की भांति मेलाघाट बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचने लगे हैं। -क्षितिज प्रतापति, व्यापारी।
नेपाल में अंतरिम सरकार बनने के बाद वहां के हालात सामान्य होने लगे हैं, जिसके चलते बॉर्डर पर आवाजाही शुरू होने से मेलाघाट बाजार में भी चहल-पहल बढ़ गई है।-कादर खान, व्यापारी।
मेलाघाट बाजार नेपाली नागरिकों पर अधिक निर्भर है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अब दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही शुरू होने से मेलाघाट बाजार के व्यापारियों को भी राहत मिली है।-कन्हैया लाल, व्यापारी।
किराने का अधिकांश सामान नेपाली नागरिक मेलाघाट बाजार से ही खरीदते हैं। बॉर्डर पर आवाजाही बंद होने से व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ था, अब फिर से राहत मिल गई है।- पारसनाथ, व्यापारी।