महापौर ने जिला युवा महोत्सव का शुभारंभ किया
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो संकल्प लिया है, उसकी नींव आज की युवा पीढ़ी पर टिकी है। आज के युवा ही कल डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी, जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी बनकर देश के विकास को नई दिशा देंगे। इसलिए युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत से आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
महापौर विकास शर्मा राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से जिला मुख्यालय स्थित युवा केंद्र सभागार में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय युवा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने पहुंचे युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देते हैं। यह प्रसन्नता का विषय है कि युवक मंगल दलों और ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर युवा अपनी प्रतिभा के दम पर जिला स्तर तक पहुंचे हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करें। साथ ही युवाओं को गुमराह करने और भड़काने वाली गतिविधियों के प्रति भी जागरूक रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा शिक्षा, खेल, तकनीक, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनका मार्गदर्शन करना भी जरूरी है।
युवा महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और योग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन फोटोग्राफी, वीडियो निर्माण और ऑनलाइन गेमिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी डिजिटल प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिला। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महापौर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को चेक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। युवक मंगल दलों के उत्कृष्ट अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।