शहर में स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में शार्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
बुधवार तड़के साढ़े 5 बजे इंद्रा चौक स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के पहले तल में अचानक आग लग गई। आग लगने से बैंक में लगा सिक्योरिटी अलार्म बजने के साथ ही सुरक्षा में तैनात सिपाहियों ने सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। तत्काल पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहले तल में लगे शीशे तोड़कर धधक रही आग पर काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझने से बड़ा नुकसान होने से बच गया। आग की खबर लगते ही बैंक मैनेजर और कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। बैंक मैनेजर नमन स्वरुप ने बताया कि बैक में आग लगने की सूचना सिक्योरिटी सिस्टम से मोबाइल में मिल गई थी। पहले तल में स्थित गर्वमेंट डिपार्टमेंट के एक कोने में लगे पंखे में हुए शार्ट सर्किट से आग लगी।
आग में दो प्रिंटर, एक पंखा, एक कुर्सी के अलावा सरकारी चालान और ग्राहकों के आवेदन पत्रों के रिकार्ड जल गए। आग से करीब 25 हजार रुपये की क्षति पहुंची है। शुक्र रहा कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।