ज्वैलर्स के घर पड़ी डकैती का सोना खरीदने वाले सर्राफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटे गए सोने में से 30 ग्राम सोने के जेवर भी बरामद हुए। मुकदमा दर्ज कर सर्राफ को जेल भेज दिया गया है।
15 फरवरी को न्यू फैंसी पंजाब ज्वैलर्स के घर दिनदहाड़े चार डकैतों ने हथियारों के बल पर करोड़ों की डकैती की थी। जांच में पुलिस की ओर से लुटेरे गिरोह को चिह्नित कर डकैती कांड में शामिल डकैतों सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार अभियुक्तों को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है। रविवार को थानाध्यक्ष आरसी तिवारी को मुखबिर ने सूचना दी कि डकैती में लूटा गया सोना खरीदने वाला सर्राफ शेरगढ़ तहसील बहेड़ी जिला बरेली में देखा गया है।
पुलिस ने घेराबंदी कर शेरगढ़ तिराहे से ज्वैलर्स लल्ला वर्मा उर्फ मुनीष वर्मा उर्फ रामदास पुत्र नत्थू लाल निवासी मोहल्ला साहूकारा वार्ड नंबर छह अल्लाहपुर बदायूं (यूपी) को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से लूटे गए सोने में से 30 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए हैं।
पुलिस ने पकड़े गये ज्वैलर्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 395, 397, 342, 412 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया। अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। डकैती कांड में शामिल मुख्य अभियुक्त सहित चार लोग अब भी फरार हैं।