जिले में दरोगाओं के कार्यक्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बदलाव ने हलचल मचा रखी है। रातों रात कब किसका कार्यक्षेत्र बदला जा रहा है, इसका पता सीधे कप्तान का आदेश मिलने पर ही लग रहा है। एक महीने के भीतर 23 दरोगाओं के अलावा 4 इंस्पेक्टरों का कार्यक्षेत्र बदला जा चुका है। तबादलों की जद से बचे दरोगाओं में खलबली है।
पुराने कप्तान केवल खुराना ने जिन दरोगाओं को थाने या चौकियों का चार्ज दिया था, उनमें से अधिकांश को बदल दिया गया है। यूएसनगर में बीते एक महीने से चल रहा तबादलों का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। विभिन्न थानों, चौकियों में तैनात 23 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में फेरबदल हो चुका है।
काशीपुर, जसपुर, किच्छा और रुद्रपुर में कोतवाल बदले गए। 5 दरोगा लाइन हाजिर, दो इंस्पेक्टर सहित 15 पुलिसकर्मी निलंबित हो चुके हैं। निलंबित एक इंस्पेक्टर बहाल होकर एक कोतवाली का चार्ज भी संभाल रहे हैं। इतना ही नहीं एक चर्चित दरोगा को अहम थाने की जिम्मेदारी दे दी गई, जबकि एक दरोगा का चार दिन में दो बार कार्यक्षेत्र बदल दिया गया।
लगातार हो रहे तबादलों ने दरोगाओं में हलचल मचा दी है। मजेदार बात है कि जिन दरोगाओं को पूर्व कप्तान केवल खुराना ने थाना या चौकियों में भेजा गया, उनमें से अधिकांश वहां से हटा दिए गए हैं। हालांकि तबादलों का क्रम कब थमेगा, यह आने वाला समय बताएगा। लेकिन फिलहाल तो पुलिसकर्मियों में असमंजस का माहौल जरुर है।
अचानक तीन महीने बाद रिलीव हुए मखौलिया
तीन महीने पहले मॉक ड्रिल के दौरान सिपाही की पीठ में लदने के मामले में चर्चा में आए दरोगा आरसी मखौलिया को अचानक रिलीव कर दिया गया। इतने समय बाद अचानक मखौलिया को रिलीव करना गले से नहीं उतर रहा है। बीते 24 जनवरी को तत्कालीन कप्तान केवल खुराना के आदेश पर तत्कालीन पंतनगर एसओ आरसी मखौलिया एक सिपाही की पीठ पर बैठे थे और सिपाही ने मैदान में दौड़ लगाई थी। जिसके बाद पीएचक्यू ने मखौलिया का गढ़वाल रेंज तबादला कर दिया था।
लेकिन कप्तान खुराना ने रिलीव करने के बजाय पीएचक्यू से तबादले का कारण पूछा था। जिसके बाद मखौलिया का मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। बीते 24 अप्रैल को मखौलिया ने अनुकंपा के आधार पर तबादला मानव वध सेल में करा लिया था। लेकिन अचानक शुक्रवार को कप्तान अनंत शंकर ताकवाले ने मखौलिया को गढ़वाल रेंज के लिए रिलीव कर दिया। आखिर इतने दिनों बाद अचानक मखौलिया को रिलीव करने पर सवाल जरुर खड़े हो रहे हैं।
मदन मोहन होंगे दिनेशपुर के नए एसओ
कप्तान ने पांच दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। लालपुर चौकी इंचार्ज मदन मोहन जोशी को दिनेशपुर थाने का एसओ बनाया गया है। पंतनगर थाने में तैनात दरोगा प्रहलाद सिंह को टांडा उज्जैन चौकी, टांडा उज्जैन चौकी प्रभारी लाखन सिंह को नादेही चौकी जसपुर का प्रभारी बनाया गया है। नादेही चौकी प्रभारी महेश जोशी को काशीपुर थाना भेजा गया है। बांसफोड़ान चौकी प्रभारी बीएस बिष्ट को लालपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है।