काशीपुर। सब टीवी के प्रसिद्ध धारावाहिक एफआईआर की चंद्रमुखी चौटाला अब जल्द ही रुपहले पर्दे पर दिखेंगी। 28 जुलाई को उनकी पहली पंजाबी फिल्म देख बराता चलियां रिलीज होगी। चंद्रमुखी चौटाला का असल नाम कविता कौशिक है और वह काशीपुर की रहने वाली हैं। काशीपुर और नैनीताल के स्कूलों में पढ़ चुकी कविता ने कहा कि वह शीघ्र ही उत्तराखंड में शूटिंग करेंगी।
सोमवार को कविता कौशिक कुंडेश्वरी में पूर्व प्रधानाचार्या मुक्ता सिंह के आवास पर पहुंची। इस दौरान कविता ने कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही सब कुछ नहीं होता है। कोई भी काम करने के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिलता है। कहा कि उनके पिता पुलिस अफसर रहे हैं, उन्हें पिता से ही एफआईआर नाटक में काम करने की प्रेरणा मिली।
उत्तराखंड घूमने आई कविता ने कहा कि वह नैनीताल और काशीपुर में रहकर पढ़ाई कर चुकी है। इसलिए उन्हें उत्तराखंड से बेहद लगाव है। वह शीघ्र ही किसी प्रोजेक्ट में उत्तराखंड में शूटिंग करने आएंगी। कविता ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस अपने टैलेंट को निखारने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि एफआईआर के नौ साल में उन्होंने 1400 एपिसोड किए। वैसे तो उन्होंने इससे पहले भी कई धारावाहिक में काम किया। लेकिन उनका असली टैलेंट एफआईआर से ही बाहर आया। उन्होंने इस नाटक के जरिए बहुत कुछ सीखा। कविता ने बताया 28 जुलाई को देख बराता चलियां पंजाबी फिल्म होगी। इस फिल्म में उन्होंने सरला नाम की स्कूल टीचर की भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि फिल्म में पंजाब के कई प्रसिद्ध चेहरों ने काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उन्हें रुद्रप्रयाग शहर सबसे अच्छा लगता है।